पानी और कानून-व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान : डोटासरा
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक, नगर, मंडल, ग्राम पंचायत और बूथ कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों एवं कार्यकारिणी के कार्यों को गति देने के लिए विधानसभा प्रभारियों से संवाद किया गया।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। बैठक के दौरान डोटासरा ने प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करें और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाएं।
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जनता तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संगठन को सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी और कानून-व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
Comment List