राजस्थान में माफियाओं का आतंक:अशोक गहलोत
जयपुर। राजस्थान में माफियाओं के बढ़ते प्रभाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार के कमजोर होते इकबाल के कारण प्रदेश में हर क्षेत्र के माफिया बेखौफ होते जा रहे हैं। हाल ही में पाली के रायपुर थाना क्षेत्र में बजरी माफिया के हमले में वन विभाग के रेंजर की हत्या कर दी गई, जबकि एक वन रक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना दर्शाती है कि अब अपराधी पुलिस-प्रशासन की कोई परवाह नहीं कर रहे हैं।
गहलोत ने कहा कि प्रदेशभर में शराब माफिया, खनन माफिया, बजरी माफिया, भू माफिया और साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां पुलिस और प्रशासन पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माफियाओं पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की निष्क्रियता और कमजोर नीतियों की वजह से विधानसभा में हंगामा हो रहा है, लेकिन सरकार इससे भी सबक नहीं ले रही। जनता लगातार सरकार से न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन उनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं है।
अशोक गहलोत ने कहा कि जब तक प्रशासनिक इकबाल मजबूत नहीं होगा, तब तक अपराधियों के हौसले बढ़ते रहेंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह तत्काल सख्त कार्रवाई करे और कानून व्यवस्था को दुरुस्त करे ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
इस घटना के बाद विपक्ष ने सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर घमासान मचा हुआ है।
Comment List